खनन सामग्री लेकर आ रही ट्रैक्टर ट्राली वीडियो में इस तरह टीम की कार के सामने दिखी।
- फोटो : ROORKEE
खनन माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने तहसीलदार तहसीलदार और तहसील कर्मचारियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। किसी तरह उन्होंने भागकर जान बचाई। इस बीच खनन माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। अधिकारियों ने खनन माफिया को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
भगवानपुर क्षेत्र स्थित सोलानी नदी में खनन माफिया लगातार अवैध खनन कर रहे हैं। नदी से लेकर किसानों के खेतों से भी खनन कर रहे फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। इसकी शिकायत किसानों ने एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी और तहसीलदार रेखा आर्य से की थी। मंगलवार रात तहसीलदार रेख आर्य ने टीम को साथ लेकर गांव मुजाहिदपुर के पास छापे मारे। टीम को देखकर खनन करने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने लगे। तहसीलदार और उनकी टीम ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया। इस पर चालक ने टीम पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ाने की कोशिश की। तहसीलदार और उनकी टीम ने किसी तरह भागकर जान बचाई। इसके बाद वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। तहसीलदार रेखा आर्य ने बताया कि मुजाहिदपुर के पास अवैध खनन की सूचना पर टीम गई थी। खनन करने वालों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। ट्रैक्टर चालक की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि खनन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। किसी भी सूरत में अवैध खनन नहीं होने देंगे।