रुड़की सिविल अस्पताल में सीएमओ का घेराव करती आशाएं।
- फोटो : ROORKEE
रुड़की। सिविल अस्पताल के दौरे पर आए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) का भुगतान को लेकर आशाओं ने घेराव किया। आशाएं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना और आयुष्मान कार्ड बनवाने के एवज में तय किया गया भुगतान नहीं मिलने से खफा थीं। सीएमओ ने आशाओं को सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बृहस्पतिवार को सीएमओ डॉ. एसके झा सिविल अस्पताल के निरीक्षण के लिए आए थे। इस दौरान वहां मौजूद आशाओं ने उन्हें घेर लिया। आशाओं ने बताया कि उनका विभिन्न कार्यों से संबंधित भुगतान लंबे समय से नहीं हुआ है। बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत घर-घर जाकर लोगों के कार्ड बनवाए थे। कार्ड के शुल्क के रूप में हर व्यक्ति से 50 रुपये लिए गए थे। उस दौरान तय किया गया था कि प्रत्येक कार्ड के लिए 20 रुपये आशाओं को दिए जाएंगे, लेकिन उन्हें आज तक यह भुगतान नहीं हुआ है। इसी तरह आयुष्मान कार्ड को लेकर भी आशाओं को भुगतान होना था। इस दौरान सीएमओ ने आशाओं को आश्वासन दिया कि वह सभी लंबित भुगतान के संबंध में जानकारी लेंगे। इस मौके पर सीएमएस डॉ. संजय कंसल, आशा फैसीलेटर बेबी कश्यप, शहनाज अख्तर, ललिता धीमान, रीता धीमान, सुधा जैन, शमा खान, बीना जैन, शोभा भटनागर, मंगेश शर्मा, सरिता धीमान, कुंता और निगम चौधरी आदि मौजूद रहे।