रुड़की। जमीन के विवाद में कुछ लोगों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला बोल दिया। आरोप है कि उन्होंने घर की दीवार गिरा दी। दिव्यांग बच्ची को मारपीट कर जमीन पर पटकने की कोशिश की। दोनों पक्षों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित नगला इमरती गांव में दो पक्षों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर पुुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि एक पक्ष के लोग दबंग हैं और दूसरे पक्ष के साथ अक्सर मारपीट करते हैं। आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह अरशद और परिवार के अन्य लोग घर में कामकाज कर रहे थे। इस बीच दबंगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। बीचबचाव कराने आईं बुजुर्ग महिला नूरी के साथ भी मारपीट कर दी और डंडे से सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो र्गइं।
आरोप है कि उन्होंने दिव्यांग बच्ची शगनू के साथ भी मारपीट कर उसे जमीन पर पटकने की कोशिश की। साथ ही घर की दीवार तोड़ दी। ग्रामीणों ने किसी तरह परिवार की जान बचाई। वहीं, दोनों पक्षों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। अरशद का कहना है कि दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट कर दी और झूठी शिकायत लेकर कोतवाली आ गए। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें मेडिकल के लिए नहीं भेजा जबकि दूसरे पक्ष को मेडिकल के लिए भेज दिया। उधर, कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। साथ ही मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।