एसडीआरएफ ने शिवपुरी में गंगा में डूबे युवक का शव बैराज जलाशय से बरामद कर लिया है। शव की पहचान कार्तिक (20) पुत्र मोहन लाल निवासी रोहिणी, दिल्ली के रूप में हुई है। कार्तिक के बड़े भाई शुभम का शव पुलिस ने मंगलवार को ही गंगा से बरामद कर लिया था। वहीं तीसरे युवक की खोजबीन की जा रही है।
शिवपुरी चौकी इंचार्ज सुनील पंत ने बताया कि मंगलवार को शिवपुरी में आईटीबीपी कैंप के पास गंगा में नहाते समय दिल्ली के चार पर्यटक बह गए थे। इनमें से एक को आपदा राहत दल 40वीं वाहिनी की टीम ने डूबने से बचा लिया था। वहीं तीन युवक गंगा में लहरों में लापता हो गए थे। सूचना पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ ने सर्च अभियान के दौरान शुभम (22) पुत्र मोहन लाल, डी-2 79/80 सेक्टर 11, रोहिणी नई दिल्ली का शव गंगा से बरामद कर लिया था जबकि शुभम के छोटे भाई समेत दो युवकों की तलाश की जा रही थी।
एसडीआरएफ ढालवाला प्रभारी कविंद्र सजवाण ने बताया कि बुधवार को लक्ष्मणझूला थाना पुलिस से बैराज जलाशय में एक शव की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने शव को जलाशय से निकाला और पुलिस को सौंप दिया। मुनि की रेती थाना प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि उसकी पहचान कार्तिक (20) पुत्र मोहन लाल, डी-2 79/80 सेक्टर 11, रोहिणी नई दिल्ली के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया गया है। तीसरे युवक दीपांशु (20) पुत्र अजय सिंह निवासी नजफगढ़, हरफूल विहार, गली नंबर 4, नई दिल्ली की खोजबीन की जा रही है।