नगर निगम में प्रदर्शन करते कुम्हारबाड़ा के लोग।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर की सड़कों से खच्चरों को जब्त कर कांजी हाऊस भेजने के विरोध में कुम्हाराबाड़ा के लोगों ने महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय के नेतृत्व में नगर निगम प्रांगण में धरना देकर विरोध किया। उन्होंने कार्रवाई को गलत बताया गया।
नगर निगम करीब पांच दिनों से शहर के तिलक रोड, हरिद्वार रोड, हीरालाल मार्ग, परशुराम चौक, देहरादून रोड, आईएसबीटी रोड, नटराज चौक के पास घूम रहे खच्चरों के खिलाफ अभियान चला रहा है। नगर निगम नेे करीब 15 खच्चरों को उठाकर भानियावाला स्थित कांजी हाउस में रखा है। सूचना मिलने के बाद बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे कुम्हारबाड़ा के लोगों ने नगर निगम कार्यालय के परिसर में धरना देकर कार्रवाई को गलत बताया। स्थानीय लोगों का कहना था कि आईएसबीटी रोड बनने से उनके खच्चरों के लिए आवागमन करने के लिए जगह नहीं है। ऐसे में कुछ खच्चर वहां से बाजार की ओर आ जाते हैं। सुधीर राय ने कहा कि गरीबों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं मुख्य नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने कहा कि सभी खच्चर स्वामियों को अपने खच्चरों में पहचान चिह्न लगाना होगा। जिससे पहचान उजागर हो सके। यदि कोई खच्चर को जंगल में चराने के लिए छोड़ने जा रहा है तो उसे रस्सी पकड़कर ले जाना होगा। शहर की सड़कों पर लावारिश घूम रहे खच्चरों को जब्त किया जाएगा। धरना देने वालों में पार्षद मनीष शर्मा, पार्षद देवेंद्र कुमार प्रजापति, बंटी आदि थे।