विधानसभा सीट ऋषिकेश से कांग्रेस प्रत्याशी और एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने ऋषिकेश के चार छात्रों समेत छह लोगों को वतन वापसी के लिए भारतीय दूतावास के अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि रूस-यूक्रेन युद्ध में भारत के हजारों छात्र और होटलों में कार्य करने वाले कर्मचारी यूक्रेन में फंसे हैं। जयेंद्र रमोला ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से छात्रों और कामगारों को सकुशल घर पहुंचाने की मांग की है।
जयेंद्र रमोला ने कहा कि ऋषिकेश के चार छात्रों समेत छह लोग यूक्रेन में फंसे हैं। इनमें मधुलता रयाल, श्यामपुर, तमन्ना त्यागी, गंगानगर, जिया बलूनी, सोमेश्वर नगर, प्रिया जोशी, गंगानगर, मनोज चौहान खैरीखुर्द, हरीश पुंडीर, गौहरीमाफी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि परिजन अपने बच्चों की कुशलता को लेकर बेहद चिंतित है। जयेंद्र ने बताया कि उन्होंने यूक्रेन में फंसे छात्रों से वीडियो कॉलिंग की है। यूक्रेन में फंसे होटलकर्मी हरीश पुंडीर ने बताया कि वह बमबारी वाले क्षेत्र से महज 30 किलोमीटर की दूरी हैं। उनको धमाकों की आवाज साफ सुनाई दे रही है। वहीं छात्रा तमन्ना त्यागी ने बताया कि शहर में खाने और पानी की किल्लत हो रही है। उनके पास रखा खाद्यान्न भी समाप्त हो रहा है। जयेंद्र रमोला ने कहा कि भारत सरकार को जल्द से जल्द सभी छात्रों और कामगारों को देश वापस लाना चाहिए।