विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने यूक्रेन में फंसे चार छात्रों समेत छह लोगों के परिजनों से बातचीत की। उन्होंने परिजनों को उनके बच्चों की सकुशल वतन वापसी का भरोसा दिलाया। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से यूक्रेन में फंसे सभी छह लोगों की वापसी को लेकर वार्ता की।
शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि रूस और यूक्रेन के जारी युद्ध के बीच यूक्रेन में फंसे उत्तराखंडवासियों को स्वदेश लाने की कवायद चल रही है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने यूक्रेन में फंसे ऋषिकेश के चार छात्रों समेत छह लोगों के परिजनों से वार्ता की। उन्होंने परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार विदेश मंत्रालय के लगातार संपर्क में है। भारत सरकार यूक्रेन में फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि मधुलता रयाल पुत्री मधुसूदन रयाल निवासी श्यामपुर, तमन्ना त्यागी पुत्री अतुल त्यागी निवासी गंगानगर गली नंबर 9, सोमेश्वरनगर, जिया बलूनी पुत्री राकेश बलूनी निवासी निकट सोमेश्वरनगर, प्रिया जोशी पुत्री प्रदीप चंद्र जोशी निवासी गंगानगर ऋषिकेश, मनोज चौहान पुत्र वीर सिंह चौहान निवासी खैरी खुर्द, श्यामपुर और हरीश पुंडीर पुत्र राम सिंह पुंडीर निवासी गौहरीमाफी रायवाला के परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है।