पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिए हैं कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाता पकड़ा जाता है तो उसका वाहन सीज किया जाए और उसके अभिभावकों को सूचना दी जाए। अब यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले हर वाहन को सीज किया जाएगा। शनिवार को यहां पुलिस लाइन में मासिक अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने कहा कि जब तक सख्ती नहीं दिखाई जाएगी, यातायात व्यवस्था नहीं सुधर सकती।
फैसला लिया गया कि जो मकान मालिक अपने किराएदारों का सत्यापन नहीं कराएगा, उसका पुलिस एक्ट में चालान होगा और उस पर दस हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा। एसपी ने कहा कि होटलों एवं ढाबों में शराब पिलाने वालों पर नकेल कसी जाए और ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। अब हर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी होगी कि वह अपने क्षेत्र में लगे एटीएम की निगरानी करेगा और जो भी टीम रात्रि गश्त में होगी वह एटीएम पर विशेष नजर रखेगी।
आपदाकाल में सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह राहत और बचाव की सामग्री तैयार रखें। साथ ही रास्ते बंद होने की स्थिति में यात्रियों की मदद करें। इस दौरान बताया गया कि जिले में इस समय कोई बच्चा गायब नहीं है। जिले में आए नए पुलिस क्षेत्राधिकारी हिमांशु साह को धारचूला सर्किल का कार्यभार सौंपा गया। साथ ही मुनस्यारी थाने में स्पेशल ब्रांच में तैनात मोहन राम को उत्कृष्ट कार्य के लिए एक हजार रुपये का नकद इनाम दिया गया। बैठक में सभी थानों के प्रभारी मौजूद थे।