भुजियाघाट में लापता पवन कन्याल की तलाश करती पुलिस। विज्ञप्ति
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। लापता डंपर मालिक की तलाश में एसडीआरएफ, वन विभाग, डॉग स्क्वाड की टीम ने भुजियाघाट में जमकर पसीना बहाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इधर डंपर मालिक को उधार देने वालों से भी पुलिस ने संपर्क किया है।
सुभाषनगर निवासी डंपर मालिक पवन कन्याल (35) सोमवार शाम परिजनों से यह बताकर निकला था कि वह टीपीनगर जा रहा है। देर रात व्यवसायी के घर नहीं पहुंचने पर पवन की मां धर्मा कन्याल ने मामले में कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। सर्विलांस से जानकारी मिली कि व्यवसायी का मोबाइल भुजियाघाट में बंद हुआ था। पुलिस ने भुजियाघाट से व्यवसायी की कार तो बरामद कर ली, लेकिन पवन का पता नहीं चला। तीसरे दिन एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी के निर्देश पर एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ शांतनु पाराशर, कोतवाल मनोज रतूड़ी के साथ एसडीआरएफ, डॉग स्क्वाड की टीमें भुजियाघाट पहुंचीं। टीम ने खाई में उतरकर युवक की तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि पवन ने अपने दोनों डंपरों को बेच दिया था। कुछ लोगों से उसने पैसा लिया था। 16 अगस्त को पवन ने दोस्तों को मैसेज किया कि उसने खाते में पैसा डाल दिया है, लेकिन दोस्तों के खाते में पैसा नहीं आया। उसने व्हाट्सएप ग्रुप से खुद को अलग करने के बाद मोबाइल बंद कर लिया था। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। भुजियाघाट में दोस्तों के साथ शराब पीने का मामला भी सामने आया है।