नैनीताल। लायंस क्लब इंटरनेशनल मंडल की कैबिनेट बैठक नैनीझील में रविवार को नाव में हुई, जिसमें ग्लोबल वार्मिंग और अन्य पर्यावरणीय मुद्दों पर चर्चा की गई।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन ब्रजेश मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट, लायंस क्लब इंटरनेशनल वैश्विक कारणों पर कार्य कर रहा है। इसमें पर्यावरण, कैंसर और मधुमेह के साथ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की तीन परियोजनाओं बुजुर्गों, कोविड पीड़ितों और जानवरों की देखभाल लायंस की ओर से की जा रही है। उन्होंने खाद्य उपलब्धता, संसाधन-गहन कृषि प्रणालियों, बड़े पैमाने पर वनों की कटाई, पानी की कमी, जैव विविधता की हानि, मिट्टी की कमी और समकालीन एवं भविष्य की वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करते हुए विभिन्न उपायों को विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही आपसी तालमेल के साथ सभी जीवों को एक साथ रहकर ही पृथ्वी के वातावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है।
क्लब की ओर से मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में मल्लीताल से तल्लीताल तक मूक रैली निकाली गई। कैबिनेट मीटिंग के बाद बैंड स्टैंड पर लायंस क्लब इंटरनेशनल के मंडलाधीश लायन ब्रजेश मोहन श्रीवास्तव की ओर से पत्रकारिता के क्षेत्र में पत्रकार चंद्रेक बिष्ट, उत्तराखंड के फोटोग्राफर हिमांशु जोशी और उत्तराखंड आंदोलन से जुड़े प्रसिद्ध समाजसेवी दिनेश शंकर सिंह का सम्मान किया गया।
इस मौके पर प्रथम उपमंडलाधीश बिश्वनाथ चौधरी, द्वितीय उपमंडलाधीश तेजिंदर पाल सिंह और भूतपूर्व मंडलाधीश हरजीत सिंह सच्चर, ब्रजेश अग्रवाल और भूपेश बंसल भी मौजूद रहे।