बीती देर रात हल्दूचौड़ सिंघल फार्म में विवाह समारोह में जयमाला के दौरान चोराें ने घर में घुसकर अलमारी में रखे दुल्हन एवं उसकी बड़ी बहन के आठ लाख रुपए के जेवर चोरी कर लिए। रात को ठंड लगने पर जब मौसी स्वेटर पहनने कमरे में गई तो दरवाजे की कुंडी तोड़ी देख चोरी की जानकारी दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। वहीं जेवर चोरी होने के बाद दुल्हन को आर्टिफिशियल जेवरात पहनाकर विदा किया गया।
ग्राम पंचायत दुम्काबंगर बच्ची धर्मा के गांव सिंघल फार्म निवासी रमेश चंद्र जोशी के घर पर सोमवार रात उनकी सबसे छोटी बेटी नूतन की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इस बीच दोमंजिले में बने कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने दुल्हन नूतन का मांग टीका, झुमके, हार, 3 जोड़ी पायल, नोज फिन, नथ, मोगा रिंग, सोने के बिच्छू, एवं बड़ी बहन प्रियंका कांडपाल पत्नी राज कांडपाल निवासी ज्योलीकोट का मंगल सूत्र, दो अंगुठियां, बिच्छू, मांग टीका, विष्णु प्रतिमा, टाप्स, पाजेब, चेन, 3 नोज पिन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पहचान पत्र, चांदी के जेवर समेत आठ लाख का सोना-चांदी चोरी कर लिया।
घटना की जानकारी तब हुई जब दुल्हन की मौसी बबीता जोशी को ठंड लगने पर वह दोमंजिले से अपना स्वेटर लेने गई। इसके बाद उसने नीचे आकर चोरी की सूचना परिजनों को दी। वहीं, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ की एवं एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रवृति के युवकों को हिरासत में लिया। रात्रि में दुल्हन को आर्टिफिशियल ज्वैलरी पहनाकर किसी तरह विदा किया गया।
कोतवाल बीसी पंत ने बताया कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। आपराधिक प्रवृति के लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार जिस सफाई ने चोरी हुई है, उससे लगता है कि चोरों को घर की पूरी जानकारी थी। उन्हें पता था कि जेवर कहां रखे हैं। चोर ने दुल्हन एवं उसके परिजनों के ठीक जयमाला में जाने के बाद चोरी की। चोरों ने आधे घंटे के भीतर ताला तोड़कर कमरे में रखे जेवर पार कर दिए।