रामनगर (नैनीताल)। 10 मार्च बृहस्पतिवार को मतगणना होनी है। रामनगर सीट के लिए हुए मतदान के आधार पर प्रत्याशियों को जमानत बचाने के लिए 13995 वोट लाने होंगे। मतगणना से पहले प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। सभी अपनी हारजीत का गणित लगा रहा है। कई प्रत्याशियों के सामने जमानत बचाने की चुनौती है। रामनगर में मतदान के बाद उभरे समीकरणों से लग रहा है कि कई प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो सकती है।
रामनगर विधानसभा में 121868 मतदाताओं में से 83975 ने मतदान किया। जमानत बचाने के लिए कुल विधि मतों छठे भाग से कम मत होने पर जमानत जब्त हो जाएगी। जमानत जब्त होने पर प्रत्याशी ने नामांकन के समय चुनाव आयोग के पास जो जमानत राशि जमा की है वह उसे वापस नहीं मिलेगी। हालांकि विधानसभा चुनाव में होने वाले खर्च के मुकाबले आयोग के पास जमा होने वाली यह राशि नाममात्र ही होती है, इसकी वापसी के लिए प्रत्याशियों को कोई रुचि नहीं रहती है। जमानत जब्त होने पर संबंधित प्रत्याशी को कमजोर माना जाता है, इसलिए प्रत्याशियों का प्रयास रहता है कि किसी भी स्थिति में जमानत बच जाए। रामनगर सीट से भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आप, सपा, उक्रांद, पांच निर्दलीय समेत कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं।