नैनीताल। न्यायालय के निर्देश पर कोर्ट कमिश्नर ने कब्जे वाला भवन खाली कराकर भवन स्वामी के केयर टेकर को सौैंप दिया। जानकारी के मुताबिक पापुलर कंपाउंड मल्लीताल निवासी राजन विनायक ने कुछ साल पहले रोज माउंट (चिड़ियाघर रोड) वाला भवन संतोष खरे को किराए पर दिया था। बाद में खरे ने इस भवन पर कब्जा कर लिया। राजन विनायक ने वर्ष 2017 में सिविल कोर्ट में वाद दायर किया। तीन मार्च 2022 को न्यायालय ने मामले की सुनवाई करते हुए फैसला राजन विनायक के पक्ष में दिया और भवन को खाली कराने के लिए अधिवक्ता राजेश त्रिपाठी को कोर्ट कमिश्नर नियुक्त किया।
सिविल जज सविता चमोली के आदेश पर सोमवार को कोर्ट कमिश्नर त्रिपाठी पुलिस के साथ कब्जेदार से मकान खाली कराने पहुंचे लेकिन वहां कब्जेदार खरे नहीं मिले। कोर्ट कमिश्नर मौजूदगी में मकान खाली कराकर वास्तविक मालिक के केयर टेकर के सुपुर्द कर दिया गया। कोर्ट कमिश्नर ने मकान में मौजूद सामान की सूची तैयार कराकर उसे सुरक्षित रखवा दिया है। बताया जाता है कि कब्जेदार खरे भारतीय दूतावास में अधिकारी रह चुके हैं।