फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किताब पर बवाल: नैनीताल में सलमान खुर्शीद के घर आगजनी और पथराव, कहा- यह हमला मुझ पर नहीं हिंदू धर्म पर

Mon, 15 Nov 2021 09:16 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद अपनी किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या’ को लेकर विवादों में हैं।
 
विज्ञापन
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के घर पर आगजनी व पथराव किया गया - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सलमान खुर्शीद के रामगढ़ में सतखोल स्थित कॉटेज पर सोमवार को कुछ लोगों ने तोड़फोड़ और आगजनी की। आरोप है कि गोली भी चलाई गई। तोड़फोड़ और आगजनी करने वाले लोग उनकी किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या’ में हिंदुओं के लिए की गई टिप्पणी से नाराज होकर उनके कॉटेज के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे।

विज्ञापन


मुकदमे में संगठनों का जिक्र नहीं
पुतला फूंकने के साथ ही उन्होंने कॉटेज के शीशे तोड़ दिए और घर के दरवाजे पर आग लगा दी, जिसे जल्द ही बुझा लिया गया। पुलिस ने केयर टेकर की तहरीर पर एक नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ  मुकदमा दर्ज कर लिया है। केयरटेकर की बेटी के अनुसार तोड़फोड़ करने वाले भाजपा, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोग थे, हालांकि मुकदमे में इन संगठनों का जिक्र नहीं है। 

हरिद्वार: कांग्रेस नेता राशिद अल्वी के बयान और सलमाल खुर्शीद की किताब को लेकर संतों में रोष
विज्ञापन


खुर्शीद के कॉटेज के केयर टेकर सुंदर राम की बेटी विमला ने बताया कि भाजपा, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े करीब 20 लोग सोमवार दोपहर एक से डेढ़ बजे के बीच रामगढ़ ब्लॉक के सतखोल में स्थित सलमान खुर्शीद के कॉटेज को जाने वाले मार्ग पर पहुंच गए। उन्होंने पुतला दहन करने के साथ सलमान खुर्शीद के खिलाफ  नारेबाजी की। इसके बाद कॉटेज में आकर मुख्य दरवाजे में आग लगा दी और तोड़फोड़ शुरू कर दी। उसका कहना है कि कुछ लोगों ने छह से सात राउंड फायर भी किए और खिड़की के शीशे तोड़ दिए। विमला का आरोप है कि उनकी मां नंदी देवी और बहू अनीता देवी के साथ अभद्र व्यवहार, गालीगलौज की गई।

हिंदुत्व के मुद्दे पर सियासत: हरीश रावत ने कहा- अपने धर्म पर गर्व है, सलमान खुर्शीद से सहमत नहीं हूं

जान से मारने की धमकी देने के साथ धक्कामुक्की भी की गई। इससे महिलाएं घबरा गईं और हल्ला मचाना शुरू कर दिया। विमला ने बताया कि घटना के समय उनके पिता सुंदर राम कॉटेज से थोड़ी दूर काम कर रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। विमला के अनुसार वह खुद उस वक्त किसी काम से अल्मोड़ा में थी। दोपहर 1:30 बजे उसकी दीदी ने फोन कर घटना के बारे बताया। इसके बाद उन्होंने सलमान खुर्शीद और उनकी पत्नी को फोन कर घटना की सूचना दी। सलमान खुर्शीद ने पुलिस प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों को इस बारे में बताया गया तो पुलिस हरकत में आई। 

उधर, मुक्तेश्वर के थानाध्यक्ष मोहम्मद आरिफ  ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं पर आगजनी और तोड़फोड़ और गोली चलाने का आरोप लगा है। केयरटेकर सुंदर राम की तहरीर पर राकेश कपिल और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ  402, 427, 504, 436, 147, 148 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

यह हमला मुझ पर नहीं हिंदू धर्म पर
वहीं इस मामले पर सलमान खुर्शीद का कहना है कि मैंने अपनी किताब में कहा है कि जो लोग ऐसा करते हैं। वह हिंदू धर्म के नहीं हैं। हिंदू धर्म एक खूबसूरत धर्म है। जिसने इस देश को एक शानदार संस्कृति दी है और मुझे इस पर गर्व है। यह हमला मुझ पर नहीं हिंदू धर्म पर है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाईं

अराजक तत्वों ने यह कार्य किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बना दीं गई हैं। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। घर की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात कर दी गई है। केयरटेकर सुंदर राम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
- नीलेश आनंद भरणे, डीआईजी कुमाऊं 

जिन्होंने आग लगाई उनमें से दो बुझाने भी लगे
भीमताल। सलमान खुर्शीद के कॉटेज पहुंचे लोगों ने पेट्रोल छिड़ककर दरवाजे में आग लगा दी थी। इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मामला बिगड़ता देख आग लगाने वाले दो लोग खुद आग बुझाने में भी जुट गए। 

दहशत में है केयरटेकर का परिवार
भीमताल। केयरटेकर सुंदर राम की बेटी विमला ने बताया कि घटना के बाद से परिवार दहशत में है। आग लगाने, तोड़फोड़ करने और गोली चलाने वालों ने धमकी दी है कि वे रात को पूरे मकान में आग लगा देंगे। इसके बाद से उनका परिवार सहमा हुआ है। 

भाजपा से जुड़े नेताओं का नाम भी शामिल
सलमान खुर्शीद के कॉटेज में तोड़फोड़, आग लगाने और गोली चलाने की घटना में भाजपा से जुड़े नेताओं का नाम सामने आने से हलचल पैदा हो गई है। घटना के बाद से भाजपा के शीर्ष नेता पल-पल की अपडेट लेते रहे।

हंगामा है क्यों बरपा
सलमान खुर्शीद इन दिनों अपनी किताब सनराइज ओवर अयोध्या को लेकर चर्चा में हैं। संगठनों का आरोप है कि किताब में उन्होंने हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठन आईएसआईएस और बोको हराम से की है और हिंदुत्व की राजनीति को खतरनाक बताया है। 

शशि थरूर ने इस घटना को शर्मनाक बताया
कांग्रेस नेता और सांसद शशि थरूर ने इस घटना को शर्मनाक बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि सलमान खुर्शीद एक राजनेता हैं। जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को गौरवान्वित किया है और हमेशा घरेलू स्तर पर देश के एक उदारवादी, मध्यमार्गी और समावेशी दृष्टिकोण को व्यक्त किया है। हमारी राजनीति में असहिष्णुता के बढ़ते स्तर की सत्ता में बैठे लोगों को निंदा करनी चाहिए।
विज्ञापन

हिंदू समाज से माफी मांगें खुर्शीद : रविंद्रपुरी 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की किताब को लेकर संतों में आक्रोश बना हुआ है। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी (श्री निरंजनी) के साथ सोमवार को श्रवणनाथ मठ में बैठक की। पदाधिकारियों ने सलमान खुर्शीद की किताब पर रोक लगाने की मांग की। 

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि सलमान खुर्शीद द्वारा लिखित किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या’ के प्रकाशन, बिक्री, प्रसार और वितरण पर राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार तत्काल रोक लगाए। इस तरह की टिप्पणी से सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि पुस्तक में सलमान खुर्शीद ने हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठनों से कर अपमान किया है। उन्होंने कहा कि केवल किताब बेचने एवं हिंदू समाज को नीचा दिखाने के उद्देश्य से तथ्यहीन तुलना की गई है। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि सलमान खुर्शीद शीघ्र हिंदू समाज से माफी मांगें। 

विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज वर्मा ने कहा कि हिंदुत्व सहिष्णुता एवं उदारवादी भावना से ओतप्रोत समग्र दर्शन है। प्रांत संगठन मंत्री अजय एवं जिलाध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि विवादित पुस्तक से हिंदुत्व के प्रति विवादास्पद टिप्पणी को भी तत्काल हटाया जाए। अन्यथा बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अवसर पर प्रांत संयोजक अनुज वालिया और बल उपासना प्रमुख सौरभ चौहान उपस्थित रहे।

ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी
किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जा सकती। कौन लोग थे, इसका पता लगाया जाएगा। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी। कानून अपना काम करेगा।
- मदन कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें