शत प्रतिशत विभागीय पदोन्नति समेत सात सूत्री मांगों के समर्थन में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के अनुदेशक, कार्यदेशक और भंडारी संवर्ग का सांकेतिक बहिष्कार छठे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए धरना दिया।
सोमवार को उत्तराखंड राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कर्मचारी संघ के आह्वान पर आईटीआई दुगड्डा के कर्मचारी संस्थान परिसर में एकत्र हुए। उन्होंने अपनी मांग पूरी करने के लिए सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार पर हठधर्मिता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी लंबित मांगों के लिए वे सरकार से लगातार पत्राचार और वार्ता कर रहे हैं। छह दिन से वे दो घंटे का कार्यबहिष्कार कर रहे हैं लेकिन उनकी जायज मांग पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सरकार से कार्यदेशक से प्रधानाचार्य श्रेणी-2 पद पर पदोन्नति, अनुदेशक से कार्यदेशक पद पर शत प्रतिशत विभागीय पदोन्नति, अनुदेशक व कार्यदेशक का नाम टेक्निकल ऑफिसर, सीनियर टेक्निकल ऑफिसर किए जाने, विभागीय ढांचे का पुनर्गठन करने, निदेशालय की कार्य प्रणाली में सुधार लाने और काल्पनिक वेतन वृद्धि के लाभ दिए जाने की मांग की।
कार्य बहिष्कार करने वालों में उप प्रधानाचार्य त्रिलोचन सुंदरियाल, मनोज कुमार, संजीव कपूर, गोपेश शर्मा, श्रीराम मौर्य, राजेश तोमर, रमेश चंद्र छातीवाल, प्रमोद चंद्र नैथानी, कृष्णानंद वैष्णव आदि शामिल थे।