रिखणीखाल ब्लाक के अंतर्गत पाणीसैंण स्थित नौशिणा देवी मंदिर में आयोजित माता के जागरण में लोक गायक मुकेश कठैत और लोक गायिका शकुंतला बुड़ाकोटी के नौशिणा की देवी माता राजी रखीं रै... भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। इस मौके पर वासुकी फाउंडेशन की पुस्तक ‘तमिल मा गंगा’ का लोकार्पण किया गया। साथ ही मंदिर समिति ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे मनीषियों को सम्मानित किया गया।
माता के जागरण का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी, वासुकी फाउंडेशन के संस्थापक पीएन शर्मा, विशिष्ट अतिथि बीएल मधवाल, अति विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत, मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र देवरानी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर लोक गायक मुकेश कठैत, शकुंतला बुड़ाकोटी ने नौशिणा की देवी माता राजी रखीं रै..., माता तेरो दरबार प्यारा..., जकम दिबतौं का ठौ छन भैजी..., पर्चु देंदि रै हे माता... आदि भजनों की प्रस्तुतियां दिया, जिस पर श्रद्धालु जमकर झूमे। इस मौके पर मंदिर समिति ने कलाकारों के साथ ही विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे मनीषियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में साहित्यकार प्रदीप वेदना लिखु, डॉ. कुसुम भट्ट, किशन रावत, सागर रावत, मनीष, शकुंतला बुड़ाकोटी, डॉ. अंबिका प्रसाद ध्यानी, सत्य प्रसाद देवरानी, गजे सिंह, मनोहर भारद्वाज और देवेश आदमी शामिल रहे।