नगर निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 656 परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए हैं। चयनित लाभार्थियों के खाते में योजना की पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये जल्द हस्तांतरित हो जाएंगे।
नगर निगम क्षेत्र में वर्ष 2019 में करीब 750 लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन किए थे, लेकिन पिछले साल कोरोना संक्रमण के कारण तब इन आवेदनों को स्वीकृति नहीं मिल पाई थी। सिर पर छत का सपना संजोए गरीब परिवार योजना के तहत आवास स्वीकृत होने का इंतजार कर रहे थे। करीब डेढ़ साल के इंतजार के बाद केंद्र सरकार ने नगर निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना में करीब 656 लाभार्थियों का चयन किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को पांच किश्तों में धनराशि खातों में हस्तांतरित की जाती है। प्रथम किश्त के रूप में 20 हजार रुपये, दूसरी और तीसरी किश्त के रूप में 60-60 हजार रुपये, चौथी किश्त के रूप में 20 हजार रुपये और पांचवीं और अंतिम किश्त के रूप में 40 हजार रुपये का भुगतान किया जाता है। नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि 2019 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 750 लोगों ने आवेदन किया था, जिसमें से 656 लाभार्थियों का चयन हुआ है। फाइलें चेक कर और जियो टैगिंग कर चयनित लाभार्थियों के खातों में प्रथम किश्त की धनराशि हस्तांतरित की जाएगी।