शिवालिक नगर में जल संस्थान के नलकूप की मोटर फुंकने से कई कलस्टरों में जलापूर्ति बाधित हो गई। 11 घंटे से अधिक पेयजल सप्लाई ठप होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। जल संस्थान ने मोटर को बदलवाने के बाद शाम को जलापूर्ति सुचारु कराई।
बुधवार तड़के शिवालिक नगर के आर कलस्टर में बने नलकूप की मोटर में अचानक खराबी आ गई। इससे पांच बजे फेस-तीन सहित आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप हो गई। लोगों ने इसकी शिकायत जल संस्थान के अधिकारियों से की। नलकूप की जांच की तो सामने आया कि मोटर फुंक गई है। कर्मचारियों ने मोटर को खोलकर मरम्मत का काम शुरू किया। इसके कारण सुबह पांच से शाम पांच बजे तक जलापूर्ति ठप रही।
स्थानीय निवासी पीडी बलोनी, आरसी धीमान, जेपी सेमवाल, बीएल उनियाल ने बताया कि 11 घंटे से अधिक जलापूर्ति ठप रही। जल संस्थान के मुख्यालय से लेकर जेई तक शिकायत की गई लेकिन, पानी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
मोटर फुंकने के कारण जलापूर्ति बाधित हुई है। तुरंत ही मोटर की मरम्मत शुरू कराई गई। शाम पांच बजे तक मरम्मत कराने के बाद नलकूप चालू कर जलापूर्ति सुचारु करा दी गई।
- संजय सैनी, सहायक अभियंता, जल संस्थान