चंपावत। जिला मुख्यालय में यूपीसीएल बिजली की लाइन को भूमिगत करेगा। पहले चरण में नगर और ब्लाक क्षेत्र की बिजली लाइनों को भूमिगत करने का किया जाएगा। करीब 17 करोड़ की लागत से बिजली की लाइनों को भूमिगत किया जाएगा।
चंपावत मुख्यालय में नगर और ब्लाक में बिजली की लाइनें भूमिगत की जाएंगी। इसका कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। नगर में करीब चार किमी के दायरे में 11 केवी और ब्लाक में एलटी लाइन भूमिगत होंगी। 17.50 करोड़ से होने वाले कार्य के लिए 10 करोड़ की राशि यूपीसीएल विभाग को मिल चुकी है। बिजली लाइनों को भूमिगत किए जाने से जहां यूपीसीएल को तारों के जंजाल से राहत मिलेगी।
आंधी-तूफान के दौरान तारों के आपस में चिपकने का खतरा भी नहीं होगा। साथ ही लाइन क्षतिग्रस्त होने से विद्युत कटौती की समस्या भी कम होगी। वहीं नगर के सौंदर्य में भी सुधार होगा। अधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिलेगी। यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता बेगराज सिंह ने बताया कि लाइन भूमिगत करने के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि मिल चुकी है। जल्द ही टेंडर कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। संवाद