बागेश्वर में रेल लाइन निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बागेश्वर-टनकपुर रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति ने मांग पूरी करवाने के लिए तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। समिति के सदस्यों ने अंग्रेजों के समय से सर्वेक्षण हुई रेल लाइन का जल्द निर्माण कार्य शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
रेल निर्माण संघर्ष समिति के कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में सदस्यों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कोश्यारी ने कहा कि अंग्रेजों के शासन काल में रेल लाइन का प्रस्ताव बना था। वर्ष 1912 में सर्वे भी हो चुकी थी, लेकिन आजादी के बाद देश की सरकारें सामरिक महत्व की इस रेल लाइन की लगातार उपेक्षा कर रही है।
वर्ष 1980 के बाद की सरकारों ने रेल लाइन के नाम पर कई बार सर्वे कर जनता को बरगलाने का काम किया है। समिति ने जल्द रेल लाइन के लिए बजट आवंटित करने और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
कहा कि अगर रेल लाइन निर्माण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो समिति आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस मौके पर महासचिव खड़क राम आर्या, गिरीश पाठक, प्रताप सिंह गढ़िया, सोबन सिंह बिष्ट, रतन साही, बंशीधर जोशी, सरस्वती गैलाकोटी आदि रहे।