बागेश्वर। प्रदेश के पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने कहा कि बागेश्वर के बागनाथ धाम के साथ ही अन्य धार्मिक स्थलों का स्वदेश दर्शन योजना के तहत कायाकल्प किया जाएगा ताकि यहां अधिक से अधिक पर्यटक आ सकें और स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूती मिल सके।
पर्यटन सचिव ने शनिवार को जिला मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वदेश दर्शन योजना के तहत प्रस्तावित निर्माण कार्यों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि हर साल बागनाथ मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो और यात्रियों को मंदिर तक पहुंचने के लिए सुगम मार्ग मिले। लोगों के आस्था के प्रतीक घाटों का बेहतर विकास किया जाए। पर्यटन सर्किट के एकीकृत विकास के उद्देश्य से स्वदेश दर्शन योजनांतर्गत कार्य किए जाए। जो भी प्रोजेक्ट बनाया जाए उसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर समिति, जूना अखाड़ा और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से वार्ता जरूर की जाए।
बैठक के बाद सचिव ने बागनाथ मंदिर पहुंचकर प्रस्तावित कार्यों की जानकारी हासिल की। यात्रियों के लिए महंत बगीचे से मंदिर तक पैदल पुल बनाने के लिए प्रस्ताव बनाने, सरयू और सूरजकुंड घाट का सौंदर्यीकरण करने, बेड़ीमाधव घाट, त्रिवेणी संगम के सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। पर्यटन सचिव ने बागनाथ मंदिर के दर्शन किए। इस दौरान डीएम विनीत कुमार, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन पूजा गर्ब्याल, एडीएम सीएस इमलाल, सीडीओ संजय सिंह, अपर निदेशक पर्यटन पूनम चंद, ईई ग्रामीण निर्माण विभाग रमेश चंद्रा, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी डॉ. चंद्र सिंह चौहान, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्या, बागनाथ मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नंदन सिंह रावल आदि थे।
चंडिका-नीलेश्वर मंदिर को जोड़ने के लिए बनेगा रोपवे का प्रस्ताव
बागेश्वर। डीएम विनीत कुमार ने पर्यटन सचिव को अवगत कराया कि स्वदेश दर्शन योजना के तहत चंडिका मंदिर और नीलेश्वर मंदिर को जोड़ने के लिए रोपवे लगाने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
बागनाथ, बाणेश्वर मंदिर का रसायनिक उपचार, पटालीकरण के साथ ही जूना अखाड़ा की ओर दीवार निर्माण, बाणेश्वर मंदिर में गेट निर्माण, यात्रियों के आवागमन के लिए तीन से पांच मीटर चौड़ाई वाले पैदल पथ का निर्माण, ओवर ब्रिज, हाईटैक शौचालय, मल्टी लेवल पार्किंग, प्राथमिकता चिकित्सा सुविधा, कूड़ादान, स्वच्छ पेयजल, बेंच, सोलर पॉवर जनरेशन प्लांट, सूचना केंद्र, सुविधा केंद्र, सीसीटीवी लगाने का प्रस्ताव है। नगर क्षेत्र में बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करना, दुकानों, भवनों को पारंपरिक शैली प्रदान करने के साथ ही बागनाथ मंदिर की स्टोरी को म्यूरल के माध्यम से डिस्प्ले करने के कार्य किए जाएंगे।