देहरादून में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर के अध्यक्ष, सचिव को सम्मानित करते बीसीसीआई सचिव जय शा?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर को बेहतरीन कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया है। देहरादून में उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के वार्षिक सम्मान समारोह में जिलाध्यक्ष सुरेश सोनियाल और सचिव रमेश दानू को बीसीसीआई के सचिव जय शाह और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सम्मानित किया। देहरादून में रविवार को हुए वार्षिक सम्मान समारोह में बीसीसीआई पदाधिकारियों ने प्रदेश में क्रिकेट के विकास को लेकर खुशी जताई।
बागेश्वर जिले के कार्य को भी सराहनीय बताया। समारोह के जिले में क्रिकेट को बढ़ावा देने और स्तर में सुधार लाने के लिए क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर के जिलाध्यक्ष और सचिव को प्रशस्तिपत्र दिया गया। बीसीसीआई सचिव साह ने दोनों पदाधिकारियों से आगे भी निष्ठा के साथ क्रिकेट की बेहतरी के लिए कार्य करने को कहा।
जिलाध्यक्ष सोनियाल ने बताया कि उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन की मान्यता मिलने के बाद जिले में भी क्रिकेट का स्तर बढ़ रहा है। वर्तमान में जिले के दो खिलाड़ी प्रदेश की अंडर-19, एक खिलाड़ी अंडर-16 और दो खिलाड़ी अंडर 23 में भागीदारी कर रहे हैं। कई युवा और उदयीमान खिलाड़ी प्रदेश की टीम में स्थान पाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जिले के कई खिलाड़ी प्रदेश की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। वहां क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष जोत सिंह गुनसोला, सचिव माहिम वर्मा, युद्धवीर सिंह, पीसी वर्मा, दीपक मेहरा आदि थे। इधर सम्मान मिलने पर एसोसिएशन के संरक्षक हरीश रावल, उपाध्यक्ष राम चंद्र पांडेय सहित अन्य पदाधिकारियों और क्रिकेट प्रेमियों ने खुशी जताई है।