बागेश्वर जिला अस्पताल परिसर में बने आवास का जायजा लेते डीएम। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला चिकित्सालय परिसर में कैंसर यूनिट और डायलिसिस यूनिट स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। अस्पताल परिसर और ट्रॉमा सेंटर परिसर में बने आवासीय भवनों को तोड़कर यूनिटें स्थापित की जाएंगी। आवासीय भवनों में रह रहे लोगों को पुराने सीएमओ कार्यालय में बने भवनों में शिफ्ट किया जाएगा।
जिलाधिकारी विनीत कुमार ने जिला चिकित्सालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विचार विमर्श किया। उन्होंने जिला चिकित्सालय के सामने और ट्रॉमा सेंटर के समीप बने आवासों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में सभी डॉक्टरों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है। कैंसर यूनिट और डायलिसिस यूनिट स्थापित करने के लिए जिला चिकित्सालय परिसर में स्थापित आवासीय भवनों को पुराने सीएमओ कार्यालय में स्थापित किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि जमीन की नापजोख की गई है। एक स्थान पर चार हजार वर्ग मीटर और दूसरी जगह आठ हजार वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध है। इस स्थान पर अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी। उन्होंने सीएमओ डॉ. सुनीता टम्टा और ग्रामीण निर्माण विभाग के ईई रमेश चंद्रा को तीन दिन में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।