वाहनों से पैक केमू स्टेशन का पार्किंग स्थल। संवाद
- फोटो : RANIKHET
अल्मोड़ा। दिपावली पर बाजारों में होने वाली भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने 31 अक्तूबर से चार नवंबर तक शहर की यातायात व्यवस्था में कुछ बदलाव किया है। दिवाली पर्व की खरीदारी के लिए साप्ताहिक बाजार बंदी के दिन रविवार को भी बाजार खोलने के कारण इस दिन भी शहर में वन वे व्यवस्था लागू रहेगी।
एसएसपी पंकज भट्ट के निर्देश पर लागू की गई यातायात की नई व्यवस्था के अनुसार 31 अक्तूबर से चार नवंबर तक हल्द्वानी से रानीखेत/बागेश्वर/पिथौरागढ़ जाने वाले भारी/हल्के वाहन बेस तिराहा-लोअर मालरोड-पांडेखोला होकर जाएंगे। रानीखेत/बागेश्वर/पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जाने वाले भारी/हल्के वाहन एनटीडी धारानौला कर्बला होकर जाएंगे। हल्द्वानी से नगर अल्मोड़ा आने वाले हल्के निजी/टैक्सी वाहन कर्बला से रघुनाथ सिटी मॉल तक आ सकेंगे।
बाजार में प्रवेश करने के लिए बेस तिराहा टैक्सी स्टैंड और शिखर तिराहे तक आने के बाद नगर पालिका स्थित पार्किंग वाहनों में वाहनों की पार्किंग कर सकेंगे। इसके बाद गंतव्य को जाने के लिए शिखर तिराहा लक्ष्मेश्वर होकर जाएंगे। हल्द्वानी से अल्मोड़ा आने वाले भारी वाहनों के लिए नगर में प्रवेश सुबह नौ बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
एनटीडी अल्मोड़ा से शिखर तक (एलआरसाह रोड) उक्त अवधि के दौरान चार पहिया वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगी। रोडवेज और केमू की बसें कर्बला तक ही आ सकेंगी। इस अवधि में नगर में प्रवेश वर्जित रहेगा।
निजी वाहनों की पार्किंग और मोटर साइकिलों को बहुउद्देश्यीय भवन, नगर पालिका पार्किंग में किया जाएगा। इस अवधि में शिखर से लक्ष्मेश्वर के बीच कोई भी चौपहिया वाहन मार्ग के किनारे खड़ा नहीं किया जाएगा। 31 अक्तूबर को रविवार के दिन बाजार खुलने के कारण वन वे व्यवस्था में छूट नहीं दी जाएगी।