फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले के ग्रामीण इलाकों में कहीं भी नहीं है पार्किंग, सड़क के दोनों ओर खड़े रहते हैं वाहन

विज्ञापन
अल्मोड़ा के धौलछीना में सड़क में लगा जाम। बेतरकीब खड़े वाहनों से आए दिन यहां जाम लगता है। - फोटो : ALMORA
विज्ञापन
अल्मोड़ा/सोमेश्वर/मौलेखाल/ भतरौजखान/ लमगड़ा। जिले में वाहनों की संख्या 40 हजार के पार पहुंच गई है लेकिन उस हिसाब से पार्किंग स्थलों का निर्माण नहीं हुआ है। अल्मोड़ा नगर समेत जिले के तमाम ग्रामीण कस्बों में पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने से अधिकांश वाहन सड़कों के किनारे ही खड़े रहते हैं। जिससे पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार सड़क में जाम लगने पर लोगों को वाहनों के बीच में से निकलना पड़ता है।
विज्ञापन

पुलिस ने हाल में ही सड़क में वन साइड पार्किंग व्यवस्था शुरू की है लेकिन इसके बावजूद स्थिति यातायात व्यवस्था सुधर नहीं रही है। सड़कों में दोनों ओर दोपहिया, चौपहिया वाहन खड़े रहते हैं। नगर के मालरोड के अलावा एलआर साह रोड, जाखनदेवी रोड, धारानौला-करबला रोड, लिंक रोड में जहां-तहां दुकानों, मकानों के आगे सड़क में नो पार्किंग जोन समेत सड़क के दोनों तरफ वाहन खड़े रहते हैं। सोमेश्वर तहसील क्षेत्र में तो स्थिति और भी बुरी है।
यहां कहीं भी पार्किंग नहीं है। जिस कारण अल्मोड़ा-कौसानी, सोमेश्वर-द्वाराहाट, सोमेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग में सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े रहते हैं। मौलेखाल में भी पार्किंग नहीं बनी है। पार्किंग के अभाव में लोग दोपहिया, चौपहिया वाहनों को सड़क किनारे खड़े कर देते हैं। जिससे आए दिन जाम लगता है।
विज्ञापन

भतरौंजखान क्षेत्र में भी पार्किंग नहीं है। जिस कारण वाहन सड़कों में दोनों ओर खड़े रहते हैं। लमगड़ा ब्लॉक मुख्यालय समेत शहरफाटक कस्बे में भी पार्किंग नहीं है। धौलछीना तहसील क्षेत्र में पार्किंग न होने से धौलछीना-सेराघाट, दियारी-कांचुला, बिमलकोट, ब्लॉक मुख्यालय को जाने वाली सड़क में दोनों तरफ वाहन खड़े रहते हैं। पार्किंग न होने से वाहन चालक सड़क किनारे वाहन आड़े तिरछे खड़े कर देते हैं।
कई बार तो नालियों के ऊपर भी वाहन खड़े रहते हैं। दुकानदारों ने बताया कि नालियों के ऊपर वाहन खड़ा होने से ग्राहकों का दुकान में आने जाने का रास्ता बंद हो जाता है। इससे व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से यहां जाम लगता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक सड़क किनारे वाहन खड़े कर बाजार चले जाते हैं। नो पार्किंग जोन में भी कई बार लोग वाहन पार्क कर देते हैं। हालांकि पुलिस यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान करती है लेकिन वाहन चालक इससे बाज नहीं आ रहे हैं।
क्या कहते हैं ग्रामीण
क्षेत्र में पार्किंग नहीं बनी है। जिस कारण दोपहिया, चौपहिया वाहन सड़क के दोनों ओर खड़ रहते हैं। इस कारण यहां पल-पल जाम लगता है। इससे आम लोगों के साथ बाजार में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
- प्रदीप पंत, भतरौंजखान
वाहनों को खड़े करने के लिए पार्किंग जोन चिन्हित किए जाने चाहिए। सड़क में दोनों ओर बेतरकीब वाहन खड़े होने से जाम लगता है। कई बार तो पैदल चलने की जगह ही नहीं बचती है। क्षेत्र में पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाए।
- गोपाल दत्त नैनवाल, भतरौंजखान
पार्किंग बनाने की मांग को लेकर कई बार मुख्यमंत्री, क्षेत्रीय विधायक से पत्राचार किया लेकिन अब तक पार्किग स्थल नहीं बन सका है। पार्किंग न होने के कारण बड़ी दिक्कतें लगातार बढ़ते जा रही हैं।
विज्ञापन

- कैलाश पंत, अध्यक्ष व्यापार मंडल भतरौंजखान।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें