अल्मोड़ा। महिला कल्याण संस्था की ओर से आयोजित होली महोत्सव के दूसरे दिन नगर में भव्य सांस्कृतिक जुलूस निकला। जुलूस में विभिन्न झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। जुलूस नगर के विभिन्न बाजारों से होते हुए नंदादेवी मंदिर परिसर में पहुंचा।
जुलूस में हल्द्वानी, नैनीताल, भवाली, बागेश्वर, रानीखेत के अलावा नगर के स्यूनराकोट, जौहार कालोनी, जाखनदेवी, कर्नाटकखोला की महिला टीमों की महिलाएं होली गीत गाते हुए चल रही थीं। जुलूस में शामिल महिलाओं ने स्वांग की बेहतरीन प्रस्तुति देकर लोगों को बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। मंच पर भी महिलाओं ने होली गीतों, स्वांग की प्रस्तुति दी। महिलाओं ने होली की आई बहार सखी मोरे अंगना.., झनकारो-झनकारो गोरी प्यारो लागो तेरो झनकारो.., रंग में होली कैसे खेलूंगी मैं सांवरिया के संग..., तू कर ले सोलह श्रृंगार राधिका तेरे अंगना होली आई रही.. आदि होली गीतों पर नृत्य किया।
दूसरे दिन नव निर्वाचित विधायक मनोज तिवारी ने होलिकोत्सव का शुभारंभ किया। महिला कल्याण संस्था के होली के संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल ने संस्था के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने सभी का आभार जताया। निर्णायक वरिष्ठ रंगकर्मी नवीन बिष्ट, मनमोहन चौधरी, भास्कर साह, अखिलेश थापा, संगीता जोशी, मनीषा भट्ट थे। अध्यक्षता अरबन बैंक के पूर्व अध्यक्ष आनंद बगड़वाल, संचालन समिति उपाध्यक्ष मीता उपाध्याय और सचिव पुष्पा सती ने किया। वहां पर नंदादेवी मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, मुख्य संयोजक मनोज सनवाल, महिला कल्याण संस्था की उपाध्यक्ष मीता उपाध्याय, सचिव पुष्पा सती, दीपा सतीश जोशी, अनुराधा अग्रवाल, ममता चोहान, मंजू जोशी आदि थीं।
शिव बरात, कुमाऊंनी बरात आकर्षण का केंद्र रहे
अल्मोड़ा। जुलूस में सरकार की आली ने शिवबरात की सुंदर प्रस्तुति ने लोगों का मन मोहा। बागेश्वर बागनाथ होली टीम ने राधा कृष्ण नृत्य और चीर बंधन की प्रस्तुति को भी लोगों ने सराहा। किसी दल ने डांडिया नृत्य, कुमाऊंनी बरात, कृष्ण सुदामा पर आधारित होली, भवाली की टीम ने ब्रज की होली की शानदार प्रस्तुति देकर बहुरंगी रंग बिखेरे। संवाद
अल्मोड़ा होली महोत्सव में झांकियां निकालती महिला होल्यार- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा होली महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रम करती महिला होल्यार- फोटो : ALMORA