यहां बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जून महीने में वाराणसी के दौरे पर आएंगे और जनवरी से अब तक पूरी हो चुकी परियोजनाओं की सौगात काशीवासियों को देंगे। इसके अलावा कई बड़ी परियोजनाओं के शिलान्यास की भी तैयारी है। इसमें रिवर फ्रंट योजना, शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रोपवे परियेाजना सहित अन्य शामिल हैं।
इन परियोजनाओं को देखने जा सकते हैं सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की सूचना के बाद तैयारी में जुटे प्रशासन ने सभी विभागों के परियोजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। मुख्यमंत्री खिड़किया घाट, लहरतारा-फुलवरिया फोरलेन, दशाश्वमेध प्लाजा सहित अन्य परियोजनाओं का निरीक्षण कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुक्रवार को दौरे को लेकर रूट डायवर्जन किया गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 12 बजे वाराणसी आएंगे। यहां वह जंगमबाड़ी मठ, डीएवीपीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के साथ ही बैठक भी करेंगे।
इसको देखते हुए बृहस्पतिवार को पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने अधिकारियों संग डीएवीपीजी कॉलेज, जंगमबाड़ी मठ सहित अन्य कार्यक्रम स्थलों तक दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शुक्रवार को भोजुबीर तिराहे से किसी प्रकार के वाहन को सर्किट हाउस, गिलट बाजार पुलिस चौकी की ओर से नहीं जाने दिया जाएगा।
इन वाहनों को अर्दली बाजार की तरफ डायवर्ट किया जाएगा, जो पुलिस लाइन चौराहा होते हुए आगे जाएंगे। इसके अलावा गोलघर कचहरी से भी कोई वाहन सर्किट हाउस तक नहीं जाएगी। दैत्रावीर से कोई भी वाहन जेपी मेहता की तरफ नहीं जाएंगे। अंधरापुल से किसी भी प्रकार के वाहनों को चौकाघाट चौराहे की ओर से नहीं जाने दिया जाएगा। दारानगर तिराहे से कोई वाहन डीएवी इंटर कॉलेज नहीं जाएंगे।