समाधान दिवस पर शनिवार को पुलिस कमिश्नरेट से लेकर देहात के थानों पर जमीन और रास्ता विवाद से जुड़े मामले सबसे अधिक आए। मौके पर कुछ का निस्तारण हुआ तो कुछ को रिपोर्ट लगाकर फाइल आगे बढ़ा दिया गया। मंडुवाडीह, चेतगंज, शिवपुर आदि थानों पर फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। चोलापुर, चौबेपुर थाने पर एसपी ग्रामीण अमित वर्मा ने सुनवाई की।
चौबेपुर थाने पहुंचे एसपी ग्रामीण अमित वर्मा ने लंबित मामलों पर चर्चा की। थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि लेखपाल बाढ़ प्रभावित गांवों में ड्यूटी पर होने के कारण सिर्फ दो ही लेखपाल पहुंचे थे। इसलिए निस्तारण नहीं हो सका। फूलपुर थाना में कुछ आठ मामले आए। तीन मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। तहसीलदार रामनाथ सेे मंगारी की सुखराजी देवी ने शिकायत की कि पट्टीदार छत का पाइप लगाकर मेरे छत पर पानी गिराते हैं। इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने दो सिपाहियों को भेज मामले का निस्तारण कराया। उधर, सारनाथ थाने में फरियादी चक्कर लगाते ही रह गए। कोई सुनवाई नहीं हुई।
एडिशनल एसपी ने सुनी फरियाद, मुकदमा दर्ज करने का निर्देश
मिर्जामुराद में समाधान दिवस पर खगरामपुर की 70 वर्षीय विधवा सोनरा देवी ने अपने पड़ोसी अनिल चौहान के खिलाफ लिखित शिकायत की। सोनरा देवी का आरोप रहा कि कुछ दिन पहले ऑटो खरीदने के बहाने एक लाख 50 हजार ले लिया। अब रुपये मांगने पर धमकी दी जाती है। एडिशनल एसपी नीरज पांडेय ने थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार मिश्र को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई को निर्देशित किया।