31 सौ रुपये के शुल्क पर स्मार्ट कार्ड लीजिए और बिना रोकटोक करिए बाबा का दर्शन
- फोटो : file photo
स्मार्ट सिटी काशी में अब भक्त भी स्मार्ट होंगे। देश के किसी कोने का व्यक्ति ‘स्मार्ट भक्त’ बन सकता है। स्मार्ट भक्त योजना काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने लागू की है। इसके तहत आधार कार्ड से लिंक स्मार्ट कार्ड जारी होंगे। जिस व्यक्ति को स्मार्ट कार्ड जारी होगा, उसे मंदिर में सहज दर्शन की सुविधा मिलेगी।
स्मार्ट भक्तों को लाइन में नहीं लगना होगा। बिना किसी प्रोटोकॉल के उसे मंदिर के सुरक्षा प्वाइंट से लेकर गर्भगृह तक प्रवेश मिलेगा। विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद के निर्णय के अनुपालन में स्मार्ट भक्त योजना अमल में लाई गई है। इसके तहत श्रद्धालुओं को स्मार्ट कार्ड जारी किए जा रहे हैं।
इस योजना के तहत सनातनी परंपरा का कोई भी व्यक्ति आवेदन कर सकता है। विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने इसके लिए निर्धारित प्रोफार्मा जारी किया है। इस फार्म को भरने वाले को 31 सौ रुपये शुक्ल पर स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। इस स्मार्ट कार्ड की वैधता एक वर्ष की होगी।
स्मार्ट कार्ड वाले स्मार्ट भक्त को बाबा विश्वनाथ के दरबार में सहज दर्शन की विशेष सुविधा मिलेगी। इस योजना के तहत अब तक 348 व्यक्तियों को स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। स्मार्ट कार्ड वाले भक्त को मंदिर खुले होने की स्थिति में आसानी से प्रवेश मिलेगा।
चाहे कितनी भी भीड़ हो या लंबी कतार स्मार्ट कार्ड वाले भक्त को पहले दर्शन कराया जाएगा। विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एसएन त्रिपाठी ने बताया कि बाबा का स्मार्ट कार्ड निर्धारित शुल्क पर किसी भी सनातनधर्मी व्यक्ति को जारी किया जा सकता है। स्मार्ट कार्ड वर्ष भर के लिए वैध माना जाएगा।