विंध्याचल से लौट रहे दर्शनार्थियों से भरी ऑटो रविवार तड़के डंगहरिया गांव के समीप हाइवे पर खड़ी ट्रक में जा भिड़ी। हादसे में आटो सवार छह लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया।
जैतपुरा थाना अंतर्गत औसानगंज निवासी राकेश सेठ अपने ऑटो से दोस्तों के संग मां विंध्यवासिनी के दर्शन पूजन को विंध्याचल गए थे। रविवार की तड़के विंध्याचल से लौटते समय डंगहरिया के समीप हाइवे पर ऑटो चालक को झपकी आ गई और खड़ी ट्रक में आटो जा भिड़ी।
ऑटो चालक राकेश सेठ (35 वर्ष) व दोस्त मनीष भारती (26 वर्ष) राजीव ठठेरा (30 वर्ष) व गुड्डू भारतीय (26 वर्ष) समेत छह घायल हो गए। ऑटो चालक राकेश सेठ व मनीष भारती की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं ट्रक चालक मय वाहन सहित मौके से भाग निकला।
चौबेपुर के चंद्रावती बाजार के पास मोलनापुर नहर की पुलिया में रविवार तड़के अनियंत्रित स्कार्पियो अटक गई। इस दौरान स्कार्पियो सवार तीन युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक बिहार नंबर की स्कार्पियो शहर से होकर बिहार की ओर जा रही थी। सभी प्राथमिक उपचार कराकर बिहार निकल गए।