प्रियंका गांधी ने रविवार को दुर्गाकुंड स्थित मां कुष्मांडा के दरबार में दर्शन पूजन कर आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की कामना की। मां के दरबार में माथा टेक प्रियंका ने फूलों की माला मां को अर्पित की और परिक्रमा भी लगाया। जानकारों के अनुसार करीब 44 साल पहले प्रियंका की दादी इंदिरा गांधी भी मां के दरबार में आई थी और यहां दर्शन पूजन किया था। इससे पहले 22 सितंबर 2017 को नवरात्रि के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी मंदिर में आ चुके हैं।
प्रियंका के मंदिर पहुंचने के पहले सुरक्षा कर्मियों ने मन्दिर परिसर के प्रवेश द्वारों को बंद कर दिया। गर्भगृह में प्रवेश के दौरान प्रियंका के सुरक्षाकर्मियों के रोके जाने से कांग्रेसी उलझे तो उन्हें धक्का देकर बाहर किया गया।
महंत राजनाथ दुबे ने मां का स्मृति चिन्ह देकर कांग्रेस महासचिव को समान्नित किया। पूजा कराने वाले पंडित चंदन दुबे ने बताया की प्रियंका ने यूपी चुनाव के विजय के लिए मन्नत मांगी। साथ ही सरकार बनने पर दुबारा दुर्गा मंदिर में दर्शन करने को कहा।
उधर मंदिर से प्रियंका के जाने के बाद विश्व हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने मंदिर के प्रवेश द्वार पर गंगा जल छिड़ककर शुद्धिकरण किया।