बलिया। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2020-2021 में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से अब लिंक एक्सप्रेस वे के माध्यम से बलिया को भी जोड़ने की घोषणा की है। इससे जिले के व्यापारियों व छात्रों में काफी खुशी है।
बताया जाता है कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से लखनऊ, अमेठी, आजमगढ़, फैजाबाद, बाराबंकी, मऊ, अम्बेडकरनगर, सुल्तानपुर व गाजीपुर जुड़ रहे थे। पूर्व की सरकार ने भी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बनाने की घोषणा की थी, उस समय भी लखनऊ के चांदसराय से गाजीपुर के हैदरिया तक बनाने की घोषणा हुई थी। सरकार बदलने के बाद भी एक्सप्रेस-वे को हैदरिया तक ही बनाने की योजना बनी। हालांकि जिले के जनप्रतिनिधियों के बार-बार की मांग पर एक्सप्रेस-वे को बलिया से जोड़ने पर सहमति बनी है। इसके लिए शासन की ओर से तीन विकल्प देते हुए प्रमुख सचिव ने यहां के सांसदों व विधायकों को पत्र लिखकर उनकी राय मांगी थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इन्हीं तीन में से किसी एक विकल्प के अनुसार बलिया को एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा। इसमें एनएच-31 को फोर लेन अपग्रेड कर हैदरिया तक लिंक एक्सप्रेस बनाकर, मोहम्मदाबाद-चितबड़ागांव मार्ग को अपग्रेड करते हुए एनएच 31 से जोड़ने व कासिमाबाद रसड़ा मार्ग को अपग्रेड कर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे जोड़ा जा सकता है।