बीएचयू में ऑफलाइन कक्षाओं ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। इस वजह से कैंपस का माहौल गुलजार हो गया है। न केवल स्नातक, स्नातकोत्तर बल्कि अब संकायों, विभागों में शोध करने वाले छात्र-छात्रा भी पहुंचने लगे हैं। नौ फरवरी से तृतीय वर्ष की चल रही ऑफलाइन कक्षाओं के बाद सोमवार से द्वितीय वर्ष की कक्षाओं के साथ ही अब कुछ पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष की कक्षाएं भी शुरू हो गईं।
कोरोना संक्रमण की वजह से करीब दो साल से कैंपस में ऑफलाइन कक्षाएं प्रभावित रहीं। अब जबकि कोरोना का संक्रमण कम हुआ है तो यहां ऑफलाइन कक्षाएं चलाई जाने लगी हैं। सोमवार को कला संकाय, सामाजिक विज्ञान संकाय, कृषि विज्ञान संस्थान, चिकित्सा विज्ञान संस्थान, विज्ञान संकाय, वाणिज्य संकाय आदि संकायों में चल रही कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति भी ठीक रही। कुछ जगहों पर तो प्रथम वर्ष की कक्षाएं भी चलने लगी हैं लेकिन विश्वविद्यालय स्तर पर समीक्षा के आधार पर प्रथम कक्षाओं के संचालन व परीक्षाओं के बारे में निर्णय लिया जाएगा।
छात्रावासों के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू
विश्वविद्यालय में ऑफलाइन कक्षाओं के शुरू होने के बाद अब छात्रावासों के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस दिशा में भी काम शुरू कर दिया है। इस बार डबल ऑक्यूपेंसी के आधार पर उपलब्धता के अनुसार आवंटन किया जा रहा है।
ऑनलाइन क्लास की मांग पर फैसला नहीं, धरना जारी
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ऑफलाइन क्लास चलाए जाने के फैसले के विरोध में पांचवें दिन भी कुलपति आवास के सामने छात्रों का धरना जारी रहा। इस दौरान छात्रों ने प्रशासन के विरोध में नारेबाजी करते हुए ऑनलाइन क्लास के साथ ही ओपन बुक परीक्षा प्रणाली के तहत परीक्षा कराने की मांग भी की। सोमवार को दिन में छात्रों की भीड़ इतनी अधिक थी कि मालवीय भवन से कुलपति आवास जाने वाली सड़क पर आवागमन ठप हो गया।