संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारत बंद के समर्थन में सोमवार को कई संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई किसान नेताओं को उनके घर में नजरबंद किया गया। पिंडरा के सिंधोरा में जुलूस निकाल रहे पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्हें देर शाम छोड़ दिया गया।
सोमवार को बीएचयू के सिंहद्वार पर संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कृषि कानून को रद्द करने, एमएसपी मूल्य पर खरीद की गारंटी की मांग करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
पिंडरा के सिंधोरा बाजार में अखिल भारतीय किसान मजदूर संघ और भाकपा माले के बैनर तले जुलूस निकालकर कर बाजार बंद कराने की कोशिश की गई। पुलिस ने जुलूस का नेतृत्व कर रहे जयशंकर सिंह, नंदराम शास्त्री, कामरेड अमरनाथ राजभर, राजकुमार जायसवाल और सुभाषचंद्र को हिरासत में ले लिया। यहां किसान मोर्चा की ओर से भी जुलूस निकाल कर विरोध जताया गया। इसके समर्थन में इलाके की सब्जी मंडियां बंद रहीं। इधर सपा कार्यकर्ता और महिला आयोग की पूर्व सदस्य कुसुम प्रजापति को उनके घर घोघली में पुलिस ने नजरबंद कर दिया था।
आराजीलाइन विकास खंड के लहिया गांव में पूर्वांचल किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगीराज सिंह पटेल, प्रदेश सचिव चंद्रप्रकाश पटेल को जंसा पुलिस ने घर पर नजरबंद किया। हालांकि इलाके के बाजार पर कोई असर नहीं दिखा। दुकानें सामान्य दिनों की तरह ही खुली रहीं। भारत बंद के समर्थन में सेवापुरी के किसान लालजी पटेल, रामदुलार पटेल, रामलाल ने कहा कि किसान कृषि कानून के खिलाफ सड़क पर उतरेगा।
भारत बंद के समर्थन में सुभासपा ने दिया धरना
भारत बंद का समर्थन करते हुए सुभासपा प्रदेश उपाध्यक्ष शशिप्रताप के नेतृत्व में शास्त्री घाट पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया। जिन्होने तीनों कृषि कानून को वापस लेने की मांग शासन की। धरने में प्रमुख रूप से नित्यानंद पांडेय, राकेश कुमार गोंड, छोटेलाल बनारसी, छपन्न राजभर आदि लोग शामिल थे।
--------
भारत बंद के समर्थन में नार्दन रेलवे मेंस यूनियन ने किया प्रदर्शन
वाराणसी। संयुक्त किसान मोर्चा के बंद के समर्थन में नार्दन रेलवे मेंस यूनियन ने सोमवार को कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रदर्शन किया। जिसकी अध्यक्षता राजेश्वर शुक्ला ने की। इस दौरान शाखा सचिव सुनील सिंह, डीके सिंह, राजकुमार, एससी गौतम और दरोगा सिंह, एके बाजपेई, वाई के मिश्रा, तफ्जील अहमद, राम तीरथ यादव, अखिलेश पांडेय, एके मौर्य आदि मौजूद रहे। संवाद