यही कारण है कि पांच राज्यों में होने वाले चुनाव से पहले भाजपा हिंदुत्व और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को धार देने में जुटी है। देश का दिल कहे जाने वाले यूपी पर पूरे देश की निगाहें हैं, ऐसे में काशी और अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण को भाजपा अपने एजेंडे को पूरा करने के रूप में प्रस्तुत करेंगी।
विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों को काशी के बाद अयोध्या ले जाकर भाजपा अपनी संकल्प शक्ति का संदेश देना चाहती है।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम: देशी और विदेशी फूलों की खुशबू से महकेगा बाबा का दरबार, 12 टन से अधिक फूल आएंगे
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद मास पर्यंत चलने वाले भव्य काशी दिव्य काशी अभियान में 17 दिसंबर को बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल (टीएफसी) में महापौर सम्मेलन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर एक बजे देशभर से आए महापौर को वर्चुअल संबोधित करेंगे।
महापौर सम्मेलन से पहले टीएफसी में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय नगर विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी बदलता नगरीय परिवेश विषय पर लगने वाले प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसमें देश व प्रदेश के अन्य जनपदों में नगरीय क्षेत्रों में किए गए विशेष एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों से संबंधित कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा।
जिले के प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन ने बृहस्पतिवार को टीएफसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को व्यवस्थाओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सम्मेलन की संपूर्ण तैयारी समय से पूर्व उच्च स्तरीय किए जाने का निर्देश दिया।
पढ़ेंः देशभर के 247 महापौर बनारस में करेंगे रोड शो, सम्मेलन को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 13 दिसंबर को होने वाले विश्वनाथ धाम के लोकार्पण से पहले भारतीय जनता पार्टी वाराणसी महानगर एवं जिले ने व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। इसमें लोलार्क कुंड, कचहरी स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा, काशीपुरा स्थित हनुमान मंदिर, राजघाट, पृथ्वीश्वर महादेव मंदिर, भद्रकाली मंदिर सहित अन्य स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।