प्रवेश द्वार से गर्भगृह तक सजी फ्लोर लाइटिंग बिखेर रही अलग आभा
- फोटो : अमर उजाला
काशी विश्वनाथ धाम सतरंगी रोशनी से सराबोर हो चुका है। कहीं नीली, कहीं सुनहरी तो कहीं सतरंगी रोशनी बिखेरती एलईडी लाइट मंदिर परिसर की भव्यता को चार चांद लगा रही है। 13 दिसंबर को होने वाले लोकार्पण महोत्सव को अकल्पनीय बनाने के लिए मंदिर प्रशासन तैयारियों को मूर्त रूप देने में लगा है।
धाम के मंदिरों के शिखर से लेकर जमीन तक स्मार्ट लाइटिंग की रोशनी हर किसी को बरबस ही अपनी तरफ खींच रही है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ की आरती के समय घंटियों और डमरूओं की निनाद के साथ रोशनी का संयोजन किया गया है।
धाम तक आने वाले रास्तों पर फ्लोर लाइटिंग लगाई गई है जो श्रद्धालुओं को लाइटिंग के साथ बाबा के गर्भगृह तक लेकर जाएगी। मल्टी कलर लाइट में स्वचालित नीली, सफेद, सुनहरी रंग की रोशनी का रंग बदलने के साथ ही धाम की भव्यता को और निखार रही है। देर शाम को मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालु भी बाबा के धाम की अद्भुत सजावट देखकर मंत्रमुग्ध नजर आ रहे हैं।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण: बरेका के गेस्ट हाउस में ठहरेंगे पीएम मोदी, पूरे परिसर की हो रही आकर्षक सजावट
प्रधानमंत्री के काशी आगमन को लेकर रविदास घाट पर निर्माणाधीन कच्चे रैंप का काम बृहस्पतिवार देर शाम तक पूरा हो गया। नगर निगम की तरफ से रविदास पार्क और घाट पर बने गुंबदों को अच्छी तरह से रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया।
पार्क और घाट पर होने वाले विद्युत व्यवस्था को देखने के लिए बिजली विभाग के एक्सईएन, क्षेत्रीय जेई, नगर निगम के कर्मचारियों के साथ दोपहर को पहुंचे। पार्क में लगे लोहे के ग्रिल और दीवारों पर कलर चढ़ने का काम शुक्रवार को पूरा हो जाएगा। घाट किनारे जमी शिल्ट की सफाई नगर निगम कर्मी पंप मशीन की मदद से कर रहे हैं।