सेवापुरी। नीति आयोग द्वारा चयनित मॉडल ब्लॉक सेवापुरी स्थित एक पीजी कॉलेज में बुधवार को किसान मेले का आयोजन किया गया। इसमें जिला कृषि अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार सिंह ने शासन द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर के वैज्ञानिक नरेंद्र प्रताप सिंह ने मृदा परीक्षण के बारे में बताया।
डॉ. नागेंद्र प्रताप रघुवंशी ने सामयिक फसलों के बारे में जानकारी दी। बैंक प्रबंधक प्रवीण कुमार झा ने किसानों को वित्तीय समावेशन एवं मिलने वाली ऋण के बारे में जानकारी दी। इसके बाद प्राकृतिक खेती के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पुरस्कृत मडैया गांव निवासी महिला किसान सुमन देवी को मुख्य अतिथि ने सम्मनित किया। सुमन देवी नेे प्राकृतिक खेती के अपने अनुभव को किसानों के बीच साझा किए। मेले में कृषि यन्त्रों एवं जैविक खेती के स्टाल लगाए गए थे। नमामि गंगे व मासूम फाउंडेशन के अर्पित सिंह द्वारा जैविक खेती की जानकारी दी गई। इस मौके पर डॉ. राजीव सिंह, ललित कुमार पटेल, माता प्रसाद सिंह, अजय सिंह उपस्थित रहे। संचालन सहायक कृषि अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह ने किया।