माहुल कस्बे में जहरीली शराब पीने से परिवार के सदस्य की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : AZAMGARH
जिले जहरीली शराब पीने से एक बार फिर दस लोगों की जान चली गई और 60 से अधिक लोग जीवन और मौत से संघर्ष कर रहे हैं। इस घटना में किसी ने बेटा खोया तो किसी ने पति खो दिया। जिन लोगों ने अपनों को खो दिया है, उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीड़ित परिवार के सदस्य रो-रोकर बेहाल हैं।
शराब काड़ में जान गंवाने वाले रामकरन बिंद की पत्नी सविता ने बताया कि उनके पति ने माहुल स्थित दुकान से शराब लेकर पी थी। रात में अचानक तबीयत खराब हुई। खून की उल्टी होने पर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनका आरोप है कि पुलिस की शह पर अवैध शराब बिक रही है। मृतक फेंकू की माता खेदू सोनकर का कहना है कि रात में अचानक पुत्र की तबीयत खराब हो गई। पूछने पर उसने बताया कि माहुल स्थित सरकारी दुकान से शराब लेकर पी है। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। शराब पीने से बीमार ओमप्रकाश की सास गुड्डी मोदनवाल का कहना है कि दामाद ओमप्रकाश घर आए थे, उन्होंने भी शराब मंगा कर पी थी और बीमार पड़ गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक झब्बू सोनकर की पत्नी कौशिल्या का कहना है कि माहुल क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का धंधा चल रहा है। पुलिस व प्रशासनिक अमले को इसकी जानकारी भी है। इसके बाद भी इस पर रोक नहीं लगाई गई। इसके चलते आज मैने पति को खो दिया।