चौबेपुर। स्वर्वेद महामंदिर धाम में होने वाले 13, 14 और 15 दिसंबर को विहंगम योग संत समाज का 98 वां वार्षिकोत्सव व 5100 कुंडीय विश्वशांति वैदिक महायज्ञ में भाग लेने के लिए विभिन्न प्रांतों और विदेशों से अनुयायी पहुंचने लगे हैं। रविवार की देर शाम अनुयायियों का हुजूम दिखा।
मंदिर में कार्यक्रम की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। संत प्रवर विज्ञान देव महाराज ने स्वयं समारोह स्थल पर जाकर तैयारी का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए। इस महा आयोजन में भाग लेने के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, बंगाल, आसाम, महाराष्ट्र समेत कई प्रांतों तथा विदेशों से भी विहंगम योग के अनुयायी सम्मिलित होंगे। भक्तों को ठहरने के लिये 4 लाख स्क्वायर फीट में वाटर प्रूफ पंडाल की व्यवस्था की गई है। भंडारे के लिए सात बड़े भोजनालय तथा छह कैंटीन की व्यवस्था की गई है। संपूर्ण महामंदिर परिसर पर आकर्षक रूप से सजाया गया है।