मऊ: भाजपा प्रत्याशी मनोज राय के जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित होने पर प्रमाण पत्र सौंपते जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मनोज राय मऊ जिले के नए जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में चुने गए। 26 जून को भाजपा प्रत्याशी के विपक्ष में कोई नामाकंन पत्र दाखिल न होने से मनोज राय का निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय था। ऐसे में मंगलवार को नाम वापसी और पर्चों की जांच के लिए तीन बजे तक का समय निर्धारित था। इस बीच मनोज राय का नामांकन पत्र वैध पाया गया जिसके बाद जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने मनोज राय को निर्विरोध निर्वाचित घोषित करते हुए उन्हें विजय का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
बता दें कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी के रूप में मनोज राय ने तीन सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया था। जबकि समाजवादी प्रत्याशी के रूप में राम नगीना यादव ने दो सेटों में नामांकन पत्र खरीदा था, लेकिन नामांकन के दिन 26 जून को वह नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर सके थे। इनके अलावा एक और निर्दल प्रत्याशी जितेंद्र गोयल ने नामांकन पत्र खरीदा था, उन्होंने भी पर्चा दाखिल नहीं किया। इस प्रकार 26 जून को पर्चा दाखिल करने की अंतिम तिथि तक केवल भाजपा प्रत्याशी मनोज राय का नामांकन पत्र दाखिल हुआ। उनके विरोध में कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। इसलिए उनका निर्विरोध निर्वाचन तय था।