प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 अक्तूबर को काशी वासियों सहित आसपास के जिलों से आने वालों के राहत के लिए रिंग रोड फेज-2 की सौगात दी थी। रिंग रोड फेज-2 शुरू हो जाने के बाद जनपद से संबधित ट्रकों व भारी वाहनों को छोड़कर बाहरी जनपद के ट्रकों व भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
शहर में दाखिल होने वाले पांच थाना क्षेत्रों के छह स्थानों पर नो इंट्री बोर्ड लगाए गए हैं। इनमें मंडुवाडीह का मुढ़ैला तिराहा, शिवपुर का गिलट बाजार, लालपुर का आजमगढ़ से अंडरपास की ओर आने वाला मार्ग, सारनाथ का सिंहपुर से सारनाथ अंडरपास की ओर आने वाला मार्ग, सारनाथ का लेढ़ूपुर की ओर से आने वाला मार्ग और चितईपुर चौराहे पर नो इंट्री का बोर्ड लगा दिया गया।
जिला प्रशासन और कमिश्नरेट पुलिस की ओर से यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस को इसका सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं।