मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में बुधवार को सर्वर फेल होने की वजह से मरीजों को ओपीडी में दिखाने के लिए ऑफलाइन पर्चा ही कटवाना पड़ा। अस्पताल में ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा है, लेकिन बहुत प्रयास के बाद भी सर्वर ठीक नहीं हो सका। इस वजह से दोपहर एक बजे तक मरीजों की पर्चा काउंटर पर लाइन लगी रही। अस्पताल में वाराणसी के साथ ही आसपास के जिलों से भी मरीज आते हैं। उनकी सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा है, लेकिन बुधवार को व्यवस्था ध्वस्त दिखी। अस्पताल में वैसे तो दो जगह पंजीकरण की सुविधा है, लेकिन ऑनलाइन न होने की वजह से पुराने पंजीकरण कक्ष और नई ओपीडी बिल्डिंग के बाहर वाले काउंटर पर भी महिला-पुरुषों की लाइन लगी रही। एसआईसी डॉ. प्रसन्न कुमार ने बताया कि सर्वर संबंधी समस्या की वजह से ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था करनी पड़ी। सर्वर सही होने के बाद फिर से सामान्य व्यवस्था शुरू हो जाएगी।