वाराणसी शहर को जाम से मुक्ति दिलाने में लगी यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को जो किया, उसकी हर कोई सराहना कर रहा है। सोनातालाब स्थित एक निजी अस्पताल से गंभीर मरीज को एंबुलेंस से बीएचयू तक पहुंचाने के लिए पुलिस ने न केवल रास्ता खाली कराया बल्कि एंबुलेंस के आगे चलकर मरीज को कम समय में ही पहुंचा दिया।
सोनातालाब पंचक्रोशी रोड स्थित न्यूरो सिटी अस्पताल में भर्ती शमशेर आलम को चिकित्सकों ने जल्द से जल्द बीएचयू अस्पताल जाकर इलाज कराने की सलाह दी। एंबुलेंस चालक शमशेर को लेकर निकला तो पांडेयपुर चौराहे पर जाम देख यातायात पुलिसकर्मियों से मदद मांगी।
मौके पर तैनात सारनाथ सर्किल के यातायात निरीक्षक पंकज कुमार तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस को बीएचयू तक पहुंचाने के लिए आगे चलने का निर्णय लिया। वायरलेस सेट से सूचना देकर आगे पड़ने वाले चौराहे को खाली कराया।
एयरपोर्ट से बीएचयू, हेरिटेज, एपेक्स तक बनेगा ग्रीन कॉरिडोर
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि बाहर से आने वाले गंभीर मरीजों को कम समय में बीएचयू ट्रामा सेंटर से बाबतपुर या बाबतपुर से बीएचयू ट्रामा सेंटर, हेरिटेज, एपेक्स अस्पताल तक जल्द पहुंचाने के लिए रूट को ग्रीन कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल करने के लिए एसओपी तैयार किया गया है।