जिले के अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर मंगलवार को 527 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। साथ ही चिकित्सकों ने गर्भावस्था के दौरान सावधानी, खानपान, समय-समय पर जांच कराते रहने की सलाह दी।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर योजना से जुड़े निजी केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड कराने के लिए गर्भवती को ई-रूपी वाउचर दिया गया। जच्चा-बच्चा की सुरक्षा व सुरक्षित प्रसव के साथ शिशु व मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से हर माह की 1, 9, 16 और 24 तारीख को दिवस मनाया जाता है। अबतक 38 निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र योजना से जुड़ चुके हैं। नोडल अधिकारी डॉ. एचसी मौर्य ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित जांच व उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाओं की जांच (एएनसी) कर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है।