कस्टम की टीम ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर चेकिंग के दौरान शारजहां से पहुंचे यात्री के कब्जे से 349.470 ग्राम सोना बरामद किया। दो स्पीकरों में छुपाकर विदेश से लाए सोना को जब्त कर विधिक कार्रवाई के बाद यात्री को छोड़ दिया गया। कस्टम अधिकारियों के अनुसार बरामद सोने की अनुमानित कीमत 17 लाख 12 हजार 402 रुपये है।
एयरपोर्ट के कस्टम सहायक आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शारजहां से पहुंचे विमान आईएक्स 1184 के यात्रियों की कस्टम जांच की जा रही थी। इस दौरान प्रयागराज निवासी सूरज सिंह के बैग की तलाशी ली गई तो दो स्पीकर में लगे गोलाकार एल्युमिनियम को देखकर शक हुआ।
इस दौरान बड़ी ही कारीगरी से दोनों स्पीकर में सोने को छुपाया गया था जो चुंबक और स्टील जैसा प्रतीत हो रहा था। इसके बाद इसे निकाला गया। चूंकि कस्टम नियम के मुताबिक 20 लाख से कम सोने की कीमत होने पर सोना जब्त कर यात्री से पूछताछ और कागजी कार्रवाई के बाद छोड़ दिया गया।
पिछले सप्ताह भी पकड़ा गया था 70 लाख का सोना
एयरपोर्ट पर शारजहां से आने वाले विमान से 30 जनवरी को भी कस्टम अधिकारियों ने दो यात्रियों के कब्जे से 70 लाख मूल्य का सोना बरामद किया था। ग्राइंडर मशीन के इंडक्शन क्वायल और डीप फ्रायर के हाट प्लेट में छुपाकर सोना लाया गया था। इसके अलावा दिसंबर 2020 में भी एयरपोर्ट पर 76 लाख का सोना बरामद किया था। यह सोना ट्राली बैग व छाते के अंदर कार्बन पेपर में लपेटकर लाया गया था। दो यात्री गिरफ्तार हुए थे।