नवाबगंज में निर्माणाधीन छात्रावास का निरीक्षण करते जिले के नोडल अधिकारी एमवीएस रामी रेड्डी। सं?
- फोटो : UNNAO
नवाबगंज। ब्लाक कार्यालय के निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव उद्यान व जिले के नोडल अधिकारी एमवीएस रामी रेड्डी ने राज्य वित्त के रजिस्टर की जांच की। इस दौरान 1.28 करोड़ के लेनदेन पर पेन से काटकर दूसरी धनराशि लिखी मिली। इस पर उन्होंने लेखाकार एहेतशामुल हक से नाराजगी जताते हुए पूछताछ की। प्रभारी बीडीओ मनीष कुमार ने मामूली खामी बताकर सुधारने के एवज में कटिंग की बात कहकर अपर मुख्य सचिव को संतुष्ट किया।
नोडल अधिकारी ने सोमवार को ब्लाक मुख्यालय में 2.5 करोड़ की लागत से नवनिर्मित सभागार व बीडीओ कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यालय में बने अटल पुस्तकालय को सराहा। एडीओ समाज कल्याण बृजमोहन वर्मा की क्षतिग्रस्त मेज देखकर नाराजगी जताई। कक्ष से निकलने के दौरान बंद अलमारी को देखकर दोबारा रुक गए और उसमें रखे अभिलेखों की पड़ताल की। इसके अलावा 1 से 15 पेज में एक ही स्याही का प्रयोग कर हस्ताक्षर मिलने पर उन्होंने इसकी प्रमाणिकता के बारे में बीडीओ से पूछा तो बचाव में खंड विकास अधिकारी ने बताया कि वह एक ही कंपनी के पेन का इस्तेमाल करते हैं।
यहां से वह कस्बे के राजकीय बालिका इंटर कालेज में साल 2016 से 1.70 करोड़ की लागत से बन रहे 12 कमरों के बनाए जा रहे छात्रावास की पड़ताल की। काम अधूरा मिलने पर निर्माणदायी संस्था आरईडी के अधिकारियों से पूछताछ की। बताया गया कि निर्माण लागत का 10 प्रतिशत भुगतान न हो पाने से फर्श, बाउंड्रीवाल व पेंटिंग का काम रुका हुआ है। डीएम रवींद्र कुमार ने एक्सईएन से नवंबर तक काम पूरा करने के लिए कहा। समय से काम पूर्ण न होने पर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी।
परसंदन गांव में अपर मुख्य सचिव ने जनता चौपाल लगाई। उन्होंने आवास, वृद्धा व दिव्यांग पेशन सहित पात्रों को समय से राशन मिलने की जानकारी ली। गांव के स्कूल में अध्यापकों के समय से आने के बारे में ग्रामीणों से पूछा। सीएचसी प्रभारी डॉ.अरुण कुमार के कार्य को सराहते हुए शत प्रतिशत वैक्सीनेशन कराने पर एएनएम व ग्राम प्रधान को पुरस्कृत करने की बात कही।