उन्नाव। निराला प्रेक्षागृह में चतुर्थ राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ सांसद साक्षी महाराज ने किया। इस दौरान सभी से अपने खानपान में पोषणयुक्त आहार को शामिल करने की अपील की गई। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन किया गया।
सांसद ने कहा कि माता से बड़ा कोई सेवक नहीं है। अपने कर्तव्य का पालन करना ही ईश्वर की सबसे बड़ी पूजा है। जब तक हमारा समाज स्वस्थ नहीं होगा तब तक हम आत्मनिर्भर नहीं बन सकते। स्वस्थ रहने के लिए पोषणयुक्त आहार की आवश्यकता है। डीएम रवींद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों में पोषण वाटिका स्थापित की जाएगी। इससे बच्चों को विद्यालयों में मौसमी सब्जी मिल सकेगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश मिश्रा ने बताया कि 30 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण माह अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों को अच्छा भोजन देने के लिए जागरूक किया जाएगा।
बताया कि 8 से 15 सितंबर तक सुपोषण बच्चों के लिए योग व आयुष का महत्व, 16 सितंबर से 23 सितंबर तक स्थानीय खाद पदार्थ पर जन जागरूकता और 24 से 30 सितंबर तक बच्चों का चिह्नित करते हुए पौष्टिक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने कहा कि पोषण माह में अच्छा काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को जनपदीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान 49 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण किया गया। तीन एलईडी वैन को जनपदवासियों को पोषण युक्त आहार के संबंध में जानकारी देने व जागरूक करने के लिए रवाना किया गया।
सांसद ने दो बाल विकास परियोजना अधिकारियों, तीन सुपरवाइजर, 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। 10 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छह माह पूर्ण कर चुके पांच बच्चों का अन्नप्राशन किया। पांच किशोरी बालिकाओं को सहजन और आंवला के पौधे देकर सम्मानित किया गया। सदर विधायक पंकज गुप्ता, पुरवा के अनिल सिंह, मोहान के बृजेश रावत, बांगरमऊ के श्रीकांत कटियार, सफीपुर के बंबालाल दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, सीडीओ दिव्यांशु पटेल मौजूद रहे।
राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम में सांसद साक्षी महाराज सुबह 11 बजे ही निराला प्रेक्षागृह पहुंच गए। हालांकि इस दौरान कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा था। सांसद मंच पर जाकर अपनी कुर्सी पर बैठ गए। सांसद के पहुंचने की जानकारी अधिकारियों को हुई तो सभी आनन-फानन प्रेक्षागृह पहुंचे।