प्रयागनरायण खेड़ा में स्थित प्राइमरी स्कूल में वैक्सीनेशन के लिए होती धक्का-मुक्की। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। कोविड टीकाकरण को लेकर शुक्रवार को चले मेगा कैंप में पहले टीका लगवाने की होड़ में धक्कामुक्की हुई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कैंप के बाहर लंबी कतारें देखी गईं। स्थिति यह रही कि चलने में अक्षम वृद्धों को लोग गोद में उठाकर टीका लगवाने पहुंचे। भीड़ इतनी अधिक थी कि लोग सामाजिक दूरी भूल गए। वैक्सीन खत्म होने से कई केंद्रों से लोग बिना टीका लगवाए ही लौट गए। विशेष सचिव रामनगीना मौर्य ने बिछिया सीएचसी में टीकाकरण की हकीकत देखी।
प्रयागनरायणखेड़ा में टीका लगवाने के लिए वैक्सीन की 500 डोज भेजी गई थी। मेगा कैं प लगा होने से टीका लगवाने के लिए सुबह से ही लोग पहुंचने लगे थे। दोपहर 12 बजे तक टीका लगवाने वालों की दो लंबी लंबी कतारें लग गईं। वैक्सीन के सापेक्ष करीब 700 से अधिक लोग वहां पहुंच गए। उसमें बुजुर्ग भी शामिल थे। परिजन बुजुर्गों को गोदी में उठाकर पहुंचे। वैक्सीन कम और लोग अधिक होने से निराश होकर लोगों को लौटना पड़ा। यही हाल पुलिस लाइन स्कूल व कासिफ अली सरांय में लगे टीकाकरण कैंप का रहा। यहां भी 500-500 डोज वैक्सीन भेजी गई थी। शुक्रवार को अचलगंज में 4560, असोहा में 3600, औरास में 1900, बांगरमऊ में 2842, बिछिया में 2626 लोगों ने टीका लगवाया। बीघापुर में 3286, फतेहपुर चौरासी में 3487, गंजमुरादाबाद में 3596 व हसनगंज में 4290 लोगों को टीका लगाया गया।
हिलौली में 3088, मियागंज में 3315, नवाबगंज में 3300, पुरवा में 3630 व सफीपुर में 3089 लोग टीका लगवाने पहुंचे। सिकंदरपुर सरोसी में 3630, सुमेरपुर में 2754 व जिला अस्पताल में 502 लोग टीका लगवाने आए। वहीं सफीपुर में 581, शुक्लागंज में 1400 व जिला महिला अस्पताल में 4246 लोगों को कोवैक्सीन लगाई गई। कोविड टीकाकरण प्रभारी एसीएमओ डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि मेगा कैंप में 59 हजार 722 लोगों को टीका लगाया गया है।