अमर उजाला ब्यूरो
औरास। थानाक्षेत्र के गांव भुड़कुंडी में विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस से फौजी की कहासुनी हो गई। गुस्साए फौजी ने सिपाहियों पर हमला बोल दिया। जिसमें हेड कांस्टेबल व सिपाही घायल हो गए। मारपीट की सूचना एसओ को दी। फौजी को पकड़वाने के लिए थाने से फोर्स भेजा गया लेकिन वह भाग निकला। सिपाही की तहरीर पर फौजी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। फौजी दस दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया है।
भुड़कुंडी गांव निवासी अतुल सिंह ट्रैक्टर ट्राली से गांव के ही गयाबक्स सिंह की मौरंग उनके दरवाजे डाल रहे थे। तभी गांव के फौजी योगेश प्रताप सिंह उर्फ सोनू पुत्र नरेंद्र सिंह वहां आए और जमीनी विवाद में चली आ रही पुरानी रंजिश में अतुल सिंह से गाली-गलौज करने लगे। दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख अतुल सिंह ने सौ नंबर पर सूचना दे दी। हेड कांस्टेबल अनिरुद्ध सिंह, सिपाही तौशीफ अहमद व सुमित गौड़ मौके पर पहुंचे और फौजी योगेश को बुलाया। हेड कांस्टेबल अनिरुद्ध का कहना है कि घर से बाहर निकलते ही योगश गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में सिपाही तौशीफ के नाक में चोट आ गई। पुलिस टीम मौके से निकल गई और सूचना थानाध्यक्ष अनिल सोनकर को दी। थाने से फौजी योगेश प्रताप की गिरफ्तारी के लिए फोर्स भेजा गया। लेकिन वह भाग निकला। एसओ ने बताया कि हेड कांस्टेबल की तहरीर पर फौजी योगेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
----------------
- मारपीट में हेड कांस्टेबल व सिपाही घायल
- फौजी के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा