सुल्तानपुर। कादीपुर जाते समय सोमवार की सुबह सांसद की नजर गोसाईगंज कस्बे में स्थित एक मिठाई की दुकान पर पड़ गई। दुकान के दरवाजे पर एक पिंजरे में एक जोड़ा तोता कैद था। उन्होंने अपना पशु-पक्षी प्रेम दिखाते हुए तुरंत अपना वाहन रुकवा लिया और पिंजरे के पास पहुंच गईं। सांसद ने दुकानदार को फटकार लगाते हुए पशु-पक्षियों को कैद कर नहीं रखने की हिदायत देते हुए पिंजरे को अपने साथ ले गईं। आगे भैरोपुर में जंगल के पास छोड़ दिया।
प्राइमरी के छात्रों के पास बैठकर जाना पढ़ाई का हाल
कादीपुर क्षेत्र में दौरे के दौरान सांसद मेनका गांधी मैनेपारा प्राथमिक विद्यालय पहुंच गईं। सांसद ने बच्चों के बगल बेंच पर बैठ गईं। उनके पहुंचते ही अध्यापक पसीने-पसीने हो गए। सांसद ने छात्रों से उनका नाम, कक्षा के साथ सवाल भी पूछा। बच्चों से अध्यापकों की ओर से पिटाई के बारे में भी जानकारी ली। जाते-जाते अध्यापकों को बच्चों की पिटाई नहीं करने का भी निर्देश दिया।
1.04 करोड़ से बनेगा कादीपुर बस स्टेशन का भवन
सुल्तानपुर। 1.04 करोड़ रुपये की लागत से कादीपुर कस्बे में बनने वाले बस स्टेशन की सोमवार को सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने आधारशिला रखी। निर्माण का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि बस स्टेशन भवन छह माह में बनकर तैयार हो जाएगा। भवन बनने से यात्रियों को सहूलियत मिल सकेगी। उन्होंने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के यूपी बोर्ड व सीबीएसई बोर्ड की ओर से जमा किए गए परीक्षा शुल्क को भी वापस दिलाने का भरोसा दिलाया।
अपने दौरे के दूसरे दिन सांसद मेनका गांधी ने कादीपुर में विधायक राजेश गौतम, जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा के साथ भूमि पूजन करके बस स्टेशन के जीर्णोद्घार की आधारशिला रखी। धनराशि से यात्री विश्रामालय, एक ट्यूबवेल, दो हैंडपंप व प्लेटफार्म का निर्माण किया जाएगा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कादीपुर बस स्टेशन की उपेक्षा का आरोप पूर्व की सरकारों पर लगाया। कहा कि उपेक्षा से यहां यात्री सुविधाएं समाप्त हो गई थीं। उन्होंने कुड़वार क्षेत्र में उद्यान विभाग की 49 एकड़ भूमि को वन क्षेत्र घोषित करवाने का ऐलान किया है। लोगों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि वे मां के रूप में जिले मे कार्य कर रही हैं। प्रत्येक दौरे में कुछ न कुछ बड़ा तोहफा दिया जा रहा है। इसके बाद करीब नौ गांवों में चौपाल लगाकर लोगों को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का फायदा पहुंचा रही है। उन्होंने पारसपट्टी, मैनेपारा, मलवा, शुकुलदुलैचा, बासूपुर, अहदा आदि गांवों में चौपाल के जरिए लोगों की समस्याएं सुनीं और उसके निस्तारण के भी निर्देश दिए।